अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: कांग्रेस रैली से लौट रही कार नदी में गिरी, एक की मौत

अल्मोड़ा: जिले में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कांग्रेस की रैली से लौट रहे कार्यकर्ताओं की कार अनियंत्रित होकर पैराफिट तोड़ते हुए खाई में जा गिरी और लगभग 50 मीटर नीचे नदी में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK04Y 2999 पिथौरागढ़ के नाचनी क्षेत्र से अल्मोड़ा मुख्यालय आयोजित कांग्रेस की रैली में शामिल होने के बाद लौट रहा था। दोपहर करीब 2 बजे काचुला पुल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क किनारे पैराफिट को तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन लगभग 50 मीटर नीचे नदी में जा गिरा।
हादसे में नाचनी निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मुन्स्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह (70) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गणेश कुमार (32) और भूपेंद्र प्रसाद (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय निवासी गंगा सिंह ने बताया कि उनके साथियों ने मिलकर घायलों और मृतक को नदी से सड़क तक पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
धौलछीना थाना प्रभारी सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार तीनों लोग सुबह नाचनी से राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होने अल्मोड़ा पहुंचे थे। मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम प्रभावित होने के बाद वे दोपहर में घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उनके निधन की खबर से नाचनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




