उत्तराखंडताजा खबरें

82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग का ₹31,657 पानी का बिल माफ

  • डीएम के जनता दर्शन में 212 शिकायतों पर त्वरित एक्शन

देहरादून:जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्टेªट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने अपनी कोर टीम के साथ जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में आम जनमानस का भारी जनसैलाब उमड़ा और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास बढ़ता दिखा।

जनता दर्शन में छबीलबाग कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल ने अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र 12-13 वर्षों से लापता है और दो पोतों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। घर का पानी का बिल 31,657 रुपये आ गया था, जिसे वे आर्थिक तंगी के कारण नहीं भर पा रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने ब्याज राशि 11,487 रुपये माफ कर वन टाइम सेटलमेंट किया और शेष राशि 20,170 रुपये जिला प्रशासन के राइफल फंड से जल संस्थान के खाते में जमा कराई जा रही है।विकासनगर निवासी मीना बंसल ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके पुत्र की डिक्शन होटल में दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, लेकिन कंपनी ने कोई मुआवजा नहीं दिया। जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को निर्देश दिए कि एफआईआर दर्ज कराई जाए, लेबर कोर्ट में वाद दायर किया जाए और दो माह के अंदर पूरे प्रकरण का निस्तारण किया जाए।

धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने अपनी दो पुत्रियों की शिक्षा को लेकर गुहार लगाई। आर्थिक संकट के कारण दोनों लड़कियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि दोनों बेटियों की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के तहत तुरंत पुनर्जीवित की जाए।हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि भू-माफियाओं ने उनकी भूमि से लगती सरकारी नहर जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दी है, जिससे गेहूं की फसल खराब होने का खतरा है। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ऋषिकेश निवासी नीलम अरोड़ा दंपति ने अपनी पुत्रवधु द्वारा मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम ऋषिकेश को भरण-पोषण एक्ट के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजित सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष पाण्डेय, उप जिलाधिकारी मुख्यालय कुमकुम जोशी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button