दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे लोकार्पण: डीएम सविन बंसल ने सड़क से लेकर कार्यक्रम स्थल तक परखी हर व्यवस्था

- डीएम सविन बंसल ने किया आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक ग्राउंड जीरो निरीक्षण
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सविन बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सड़क मार्ग पर सभी सुधार कार्य तत्काल पूर्ण किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, पैचवर्क, दीवारों का रंगरोगन, चौक-चौराहों पर सौंदर्यीकरण तथा सड़क किनारे फैले मलबे की सफाई के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को भी ठीक कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुगम बना रहे।
इसके बाद डीएम ने गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य पंडाल, आमजन के लिए बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने को कहा और स्पष्ट चेतावनी दी कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर देहरादून में हर व्यवस्था बिल्कुल साफ-सुथरी, सुव्यवस्थित और सुरक्षित रहे।




