ग्राफिक एरा अस्पताल का नया कीर्तिमान: 1000 से अधिक सफल हार्ट सर्जरी

देहरादून: ग्राफिक एरा अस्पताल ने हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अस्पताल के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग ने अब तक 1004 सफल हार्ट सर्जरी पूरी कर ली हैं।
विभाग द्वारा की गई इन सर्जरियों में 321 बाईपास सर्जरी, 177 वाल्व सर्जरी, 136 सरल जन्मजात हृदय सर्जरी, 87 जटिल जन्मजात सर्जरी, 19 एओर्टिक सर्जरी तथा 264 वैस्कुलर, थोरेसिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सर्जरियां शामिल हैं।
सीटीवीएस टीम ने मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी (MICS) जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए वयस्कों, बच्चों तथा नवजात शिशुओं का सफल उपचार किया है। विभाग ने हाल ही में मात्र 1.9 किलोग्राम वजन वाले दो दिन के नवजात शिशु की जटिल हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कर अपनी विशेषज्ञता का प्रमाण दिया है।
ग्राफिक एरा अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. पुनीत त्यागी ने कहा, “हमारी टीम उन्नत तकनीक और समर्पण के साथ जटिल से जटिल हृदय रोगों का इलाज कर रही है।”
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जसजीत सिंह ने बताया कि अस्पताल में ECMO जैसी विश्वस्तरीय जीवनरक्षक सुविधा भी उपलब्ध है, जो गंभीर मरीजों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है।
अस्पताल अब जल्द ही कार्डियक ट्रांसप्लांट और रोबोटिक MICS सर्जरी शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जिससे उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
यह उपलब्धि सीटीवीएस विभाग की पूरी टीम — डॉ. अखिलेश पांडे, डॉ. सत्य प्रकाश गौतम, डॉ. पराग कुमार, डॉ. पुलकित मल्होत्रा सहित समस्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ — के सामूहिक प्रयास और professionalism का परिणाम है।




