उत्तराखंडताजा खबरें

सीएम धामी के सख्त निर्देश—20 दिन में शासनादेश, पीएमजीएसवाई सड़कों के लिए बनेगी समिति

  • सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश—“सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के मंत्र पर काम करें, बरसात से पहले सड़क मरम्मत पूरी हो..

देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित घोषणाओं पर अधिकतम 20 दिनों के भीतर शासनादेश जारी किए जाएं, ताकि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” को आधार बनाकर कार्य किया जाए और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समाधान संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाए।
वन भूमि स्थानांतरण से जुड़े मामलों में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय मजबूत कर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों के रख-रखाव के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति सड़कों के मेंटिनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहेगा।
बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी सड़कों के पैचवर्क कार्य वर्षाकाल से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, खेल अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए जहां जमीन उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी करने को कहा गया, ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में तेजी लाने, कपकोट में स्कूल अपग्रेड करने और बागेश्वर जिला अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अंत में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक कपकोट सुरेश गड़िया, विधायक बागेश्वर पार्वती दास, वर्चुअल माध्यम से विधायक गंगोलीहाट फकीर राम, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, सचिव एस.एन. पाण्डेय, वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई तथा जिलाधिकारी बागेश्वर आकांक्षा कोण्डे मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button