14 अप्रैल को उत्तराखंड आएंगे PM मोदी, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे होगा शुरू

- CM धामी ने की उच्चस्तरीय बैठक, भव्य कार्यक्रम की तैयारियां तेज
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे) के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर को राज्य के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य बनाते हुए समाज के हर वर्ग की जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह जन-उत्सव का रूप ले सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक और सुव्यवस्थित हो।
खासतौर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर जोर देते हुए CM धामी ने कहा कि गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य व संगीत की झलक इस आयोजन में भव्य रूप से दिखनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के मिश्रण से सजाया जाए तथा स्थानीय कलाकारों की व्यापक भागीदारी हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह आयोजन मात्र सरकारी कार्यक्रम न रहकर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक बने।
जनमानस से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रधानमंत्री के रोड शो में बढ़-चढ़कर शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव का माहौल बनाएं। उन्होंने कार्यक्रम से पहले पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक मिलकर योगदान दें।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए CM धामी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के विकास में नई दिशा देगी। इस 210 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय 6-7 घंटे से घटकर मात्र 2.5 घंटे रह जाएगा, जिससे पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और लॉजिस्टिक्स, परिवहन व निवेश क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शुभारंभ उत्तराखंड के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय साबित होगा और प्रदेश को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ेगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




